श्रमिकों को अधिकार, कर्तव्य और कौशल की जानकारी देकर सशक्त बनाने पर हुई चर्चा
उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिभागियों और श्रमिक मित्रों को प्रमाणपत्र व प्रतीक चिह्न देकर किया सम्मानित
धनबाद झारखंड/Etv News 24
दत्तोपंत ठेंगड़ी राष्ट्रीय श्रमिक शिक्षा एवं विकास बोर्ड, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार के क्षेत्रीय निदेशालय धनबाद की ओर से बोर्ड की 69वीं वर्षगांठ के अवसर पर श्रमिक शिक्षा दिवस समारोह का आयोजन खान सुरक्षा महानिदेशालय के सभागार में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदेमातरम के गायन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।समारोह में क्षेत्रीय निदेशालय के प्रभारी क्षेत्रीय निदेशक आर.के. गोप ने अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं शाल भेंट कर किया। स्वागत भाषण में उन्होंने कहा कि बोर्ड की स्थापना की 69वीं वर्षगांठ पूरे देश में श्रमिक शिक्षा दिवस के रूप में मनाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि बोर्ड का उद्देश्य श्रमिक शिक्षा के माध्यम से देश की श्रमशक्ति को शिक्षित, ज्ञानवान, जागरूक और कुशल बनाना है, ताकि 2047 तक विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में श्रमिक वर्ग की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पी.के. सिंह, उपमहानिदेशक (यांत्रिकी), खान सुरक्षा महानिदेशालय, धनबाद ने कहा कि जिस प्रकार श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए श्रमायुक्त कार्यालय की आवश्यकता है, उसी प्रकार श्रमिकों के ज्ञान का स्तर बढ़ाने, उन्हें अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने तथा प्रबंधन के साथ समन्वय स्थापित कर औद्योगिक विकास की गति तेज करने के लिए राष्ट्रीय श्रमिक शिक्षा एवं विकास बोर्ड की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने धनबाद क्षेत्रीय टीम के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों और अधिकारियों की कमी के बावजूद टीम बेहतर सेवाएं देने का प्रयास कर रही है, जिसका लाभ श्रमिक वर्ग को मिल रहा है।विशेष आमंत्रित अतिथि एन.के. ठाकुर, महाप्रबंधक (सतर्कता), बीसीसीएल, धनबाद ने कहा कि देश के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास में बोर्ड की भूमिका सराहनीय है। उन्होंने कहा कि उद्योगों में कार्यरत कर्मचारियों की सोच और कार्यशैली में सकारात्मक बदलाव लाकर नई कार्य संस्कृति विकसित करने में श्रमिक शिक्षा महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
समारोह की अध्यक्षता बोर्ड की क्षेत्रीय सलाहकार समिति के अध्यक्ष धर्मजीत चौधरी ने की। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में बोर्ड द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा और जागरूकता के अभाव में श्रमिक वर्ग के लोगों को कई बार शोषण और समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में श्रमिकों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करने में बोर्ड का योगदान महत्वपूर्ण है।इस अवसर पर बोर्ड के विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों तथा श्रमिक मित्रों को उत्कृष्ट योगदान के लिए अतिथियों द्वारा प्रमाणपत्र एवं प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के आयोजन को सफल बनाने में श्री स्वप्न सोरेन, सुनील कुमार शर्मा, गोविन्द प्रसाद रवानी, सहदेव महतो, हेमराज चौहान एवं सतीश कुमार का प्रशंसनीय योगदान रहा।समारोह के अंत में श्रमिक मित्र अरुण कुमार तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में श्रमिक शिक्षा एवं जागरूकता से जुड़े प्रतिनिधि, प्रशिक्षणार्थी, श्रमिक मित्र तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




