दो दिनों में लंबित आवेदनों के निष्पादन का निर्देश, लाभुकों का e-KYC पूरा कराने पर जोर
सासाराम/रोहतास/Etv News 24
राशन कार्ड निर्माण एवं निर्गमन में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर जिला पदाधिकारी रोहतास ने कड़ा रुख अपनाया है। रविवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिले में राशन कार्ड निर्माण कार्य की अनुमंडलवार एवं प्रखंडवार समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान लाभुकों के e-KYC की प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को मिशन मोड में कार्य करने का निर्देश दिया।बैठक में संयुक्त सचिव-सह-जिला आपूर्ति पदाधिकारी विनय प्रताप, वरीय उप समाहर्त्ता, जिले के तीनों अनुमंडल पदाधिकारी तथा सभी आपूर्ति निरीक्षक मौजूद रहे।
जिला पदाधिकारी ने खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राशन कार्ड निर्माण की कार्रवाई में तेजी लाने को कहा।डीएम ने सभी आपूर्ति निरीक्षकों को उनके लॉगिन में लंबित सभी आवेदनों का नियमानुसार दो दिनों के अंदर निष्पादन करने का निर्देश दिया। लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं करने एवं असंतोषजनक प्रगति को गंभीरता से लेते हुए बिक्रमगंज अनुमंडल के सभी आपूर्ति निरीक्षकों तथा डिहरी अनुमंडल के संबंधित आपूर्ति निरीक्षकों से कारण पृच्छा करते हुए अगले आदेश तक वेतन रोकने का निर्देश दिया गया।कार्रवाई की जद में डिहरी प्रखंड के आपूर्ति निरीक्षक एहसान करीम, दावथ के अरविन्द कुमार, सूर्यपुरा एवं बिक्रमगंज के राहुल रंजन, संझौली एवं दिनारा के अभिषेक कुमार, राजपुर के राहुल कुमार, काराकाट की खुशबू कुमारी तथा डिहरी के संबंधित आपूर्ति निरीक्षक शामिल हैं।
समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों से राशन कार्ड निर्गमन की स्थिति की भी जानकारी ली। सासाराम अनुमंडल में राशन कार्ड निर्गमन की प्रगति संतोषजनक पाई गई। वहीं बिक्रमगंज एवं डिहरी अनुमंडल के अधिकारियों को विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राशन कार्ड निर्गमन की कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि राशन कार्ड निर्माण के लिए लाभुकों का e-KYC कराना अनिवार्य है। लाभुक अपने संबंधित जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकान पर जाकर e-KYC की प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं। उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं आपूर्ति निरीक्षकों को मिशन मोड में कार्य करते हुए अधिक से अधिक लाभुकों का e-KYC पूर्ण कराने तथा पात्र लाभुकों के राशन कार्ड निर्माण एवं निर्गमन की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरा कराने का निर्देश दिया।




