तिलौथू रोहतास/Etv News 24
कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (ATMA), रोहतास द्वारा आयोजित विशेष कृषि वैज्ञानिक वार्तालाप एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में तिलौथू प्रखंड के तीन प्रगतिशील किसानों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में संजय पाठक, सुनील कुमार सिंह एवं अशोक कुमार गौतम शामिल हैं। किसानों के सम्मान से क्षेत्र के अन्य किसानों में भी उत्साह देखा गया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत फसल प्रबंधन और वैज्ञानिक खेती की पद्धतियों से जोड़ना था। इस दौरान कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों से सीधा संवाद करते हुए खेती में नई तकनीकों के उपयोग और बेहतर उत्पादन प्राप्त करने के विभिन्न उपायों की जानकारी दी।प्रशिक्षण के दौरान जैविक खेती, मिट्टी की सेहत, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, उन्नत बीज, फसल प्रबंधन तथा मौसम के अनुकूल खेती जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। वैज्ञानिकों ने किसानों को कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने तथा कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने पर जोर दिया।प्रगतिशील किसानों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कहा कि कृषि वैज्ञानिकों से सीधे संवाद करने से खेती से जुड़ी नई जानकारी और तकनीकी समाधान प्राप्त होते हैं। उन्होंने कहा कि बदलते समय में पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक तकनीक का समावेश जरूरी है।किसानों का सम्मान क्षेत्र में वैज्ञानिक एवं उन्नत कृषि को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




