पटना बिहार/ Etv News 24
बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (BSLSA) के प्रांगण में आज आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन एवं तैयारियों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों, चिन्हित मामलों तथा आम लोगों के लिए उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।प्रेस कॉन्फ्रेंस में BSLSA के सदस्य सचिव श्री पुरुषोत्तम मिश्रा, संयुक्त सचिव श्री अविनाश कुमार, रजिस्ट्रार श्री आशुतोष कुमार रवि एवं असिस्टेंट रजिस्ट्रार श्रीमती सिया श्रुति उपस्थित रहीं।इस अवसर पर BSLSA के सदस्य सचिव श्री पुरुषोत्तम मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि 12 सितंबर 2026 को बिहार के सभी 37 जिलों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए प्री-लिटिगेशन के लगभग 4,99,736 मामलों को चिन्हित किया गया है। इनमें से 50 हजार से अधिक मामलों के निष्पादन का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि मामलों के निष्पादन का आंकड़ा एक लाख तक भी पहुंच सकता है।वहीं BSLSA के संयुक्त सचिव श्री अविनाश कुमार ने राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की जानकारी साझा करते हुए बताया कि राज्य के सभी जिलों में राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी शिविरों में पेयजल एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सभी शिविरों में चिकित्सकीय सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।उन्होंने बताया कि पटना के गांधी मैदान में ट्रैफिक चालान से संबंधित मामलों के निष्पादन के लिए कुल 30 काउंटर लगाए जाएंगे। संबंधित लोगों को अपने आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे, जिनमें चालान, ड्राइविंग लाइसेंस एवं आधार कार्ड प्रमुख रूप से शामिल हैं।इस अवसर पर BSLSA के रजिस्ट्रार श्री आशुतोष कुमार रवि ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजन का मुख्य उद्देश्य आम लोगों, विशेषकर जरूरतमंद लोगों को सुलभ, निःशुल्क एवं त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है। लोक अदालत के माध्यम से पक्षकार आपसी सहमति और समझौते के आधार पर अपने मामलों का त्वरित एवं सरल तरीके से समाधान प्राप्त कर सकते हैं।प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर BSLSA की ओर से की गई तैयारियों एवं जनसुविधाओं की जानकारी भी मीडिया के साथ साझा की गई। कार्यक्रम में विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधियों एवं पत्रकारों ने सहभागिता की।




