सासाराम रोहतास/Etv News 24
संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित राज्यव्यापी जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को पटना के ज्ञान भवन में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम से प्रेषित पवित्र कलश रोहतास जिले के सासाराम समाहरणालय पहुंचा।समाहरणालय परिसर में जिला पदाधिकारी की उपस्थिति में पवित्र कलश का श्रद्धापूर्वक स्वागत किया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, वरीय उपसमाहर्ता, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, बीस सूत्री उपाध्यक्ष एवं सदस्य, पत्रकार बंधु, जिले की नाट्य टीम के कलाकार, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
स्वागत समारोह के उपरांत पवित्र कलश को सासाराम के मुरादाबाद स्थित संत रविदास मंदिर में श्रद्धापूर्वक रखा गया।इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के समता, सामाजिक सद्भाव, मानवता, बंधुत्व एवं सामाजिक न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि संत गुरु रविदास जी के विचार आज भी सामाजिक समरसता, समानता एवं सद्भाव पर आधारित समाज के निर्माण के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं। उनके विचार समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और समानता की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने पवित्र कलश के दर्शन किए तथा संत गुरु रविदास जी के जीवन, दर्शन एवं आदर्शों पर आधारित जन-जागरूकता कार्यक्रम में सहभागिता की। पूरे आयोजन का वातावरण श्रद्धा, भक्ति, सामाजिक समरसता एवं मानवता के संदेश से ओत-प्रोत रहा।पवित्र कलश को सासाराम स्थित संत रविदास मंदिर में श्रद्धापूर्वक रखा गया, जहां श्रद्धालुओं ने दर्शन कर संत रविदास जी के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।




