विद्यालय की व्यवस्था और बच्चों की प्रतिभा से प्रभावित हुए जिलाधिकारी, हेडमास्टर अनिल कुमार व टीम की सराहना की।
तिलौथू रोहतास/Etv News 24/संवाददाता हैदर अली
तिलौथू। रोहतास के जिलाधिकारी दीपक मिश्रा ने मंगलवार को तिलौथू प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय पतलुका का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की स्वच्छता, अनुशासन, शैक्षणिक माहौल और बच्चों की प्रतिभा की खुलकर सराहना की। विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं और शिक्षकों के समर्पित प्रयासों से प्रभावित होकर जिलाधिकारी ने विद्यालय को दो नए सीसीटीवी कैमरे तथा एक आधुनिक एस्ट्रोनॉमी लैब उपलब्ध कराने की घोषणा की।इसके साथ ही उन्होंने विद्यालय परिसर एवं खेल मैदान की चारदीवारी का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने का भी आश्वासन दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक संसाधनों का समावेश बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है और जिला प्रशासन इस दिशा में हरसंभव सहयोग करेगा।मध्य विद्यालय पतलुका अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों और नवाचारों के कारण बिहार में अलग पहचान बना चुका है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अनिल कुमार के नेतृत्व में शिक्षक एवं शिक्षिकाओं की पूरी टीम लगातार बेहतर शिक्षा, अनुशासन और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों का भविष्य संवारने में जुटी हुई है। जिलाधिकारी ने विद्यालय के कार्यों की प्रशंसा करते हुए प्रधानाध्यापक अनिल कुमार एवं उनकी पूरी टीम के प्रयासों को सराहनीय बताया।निरीक्षण के बाद विद्यालय परिवार ने जिलाधिकारी दीपक मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त किया। शिक्षकों और अभिभावकों ने विश्वास जताया कि एस्ट्रोनॉमी लैब, नए कैमरे और चारदीवारी के निर्माण से विद्यालय की सुविधाएं और अधिक मजबूत होंगी तथा विद्यार्थियों को आधुनिक एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण प्राप्त होगा।




