तिलौथू रोहतास/Etv News 24 /संवाददाता हैदर अली
राष्ट्रीय राजमार्ग-19तिलौथू बाजार एनएच-19 पर दोनों तरफ बने नाला सफाई के नाम पर बरती जा रही कथित लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है। सफाई कार्य के दौरान कई स्थानों पर दुकानों के सामने और बगल में नाले की पटिया तोड़कर खुला छोड़ दिया गया है। नाले से निकाला गया कचरा और गाद भी मुख्य सड़क पर ही फेंक दिया गया है, जिससे राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खुले नाले किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। बाजार में दिनभर लोगों की भीड़ रहती है। ऐसे में यदि कोई बच्चा, बुजुर्ग, दिव्यांग व्यक्ति या कोई पशु खुले नाले में गिर जाए, तो गंभीर दुर्घटना हो सकती है। रात के समय यह खतरा और भी बढ़ जाता है, क्योंकि कई स्थानों पर सुरक्षा के लिए न तो बैरिकेडिंग की गई है और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है।लोगों का आरोप है कि सफाई कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। यदि नाला साफ किया जा रहा है तो कार्य पूरा होने तक उचित सुरक्षा व्यवस्था और टूटी हुई पटियों की तत्काल मरम्मत भी की जानी चाहिए। मुख्य सड़क पर फैला कचरा भी आवागमन में बाधा बन रहा है। स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि खुले नालों को तुरंत ढका जाए, सड़क पर फैले कचरे को हटाया जाए तथा यदि जांच में लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों या एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।कार्य में लगे ठीकेदारों से दुकानदार जब बात करते हैं तो वो कहते हैं कि एक महीना तक अभी ऐसे ही रहेगा।आज ज़िला पदाधिकारी के तिलौथू प्रखंड कार्यालय की समीक्षा हेतु आगमन पर तिलौथू प्रखंड को जहां देश में एक नंबर पर ले जाने की बात की गई है।वहीं यह नाला सफाई के नाम पर की जा रही लापरवाही चिराग़ तले अंधेरा वाली कहावत को चरितार्थ करता दिखाई दे रहा है।प्रखंड प्रशासन को प्रमुखता से इसको अपने संज्ञान में लेने की आवश्यकता है।बाजार के दुकानदारों ने काफी नाराजगी जताई है।जिसमें प्रमोद चाय दुकान रिंकू प्रिंस फास्ट फूड,रामनाथ मेहता दवा दुकानदार, डॉ बैजनाथ सिंह बटोही वरिष्ठ चिकित्सक एवं भोजपुरी कवि, मुमताज़ आलम अंडा दुकानदार,सहित दर्जनों लोगों ने इस कार्य पर अपनी नाराजगी और खेद प्रकट किया है।




