श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर बैरिकेडिंग व सौंदर्यीकरण का कार्य जारी, मंदिर परिसर के आसपास से हटाया गया अतिक्रमण
चेनारी/रोहतास/ Etv News 24
श्रावणी मेले को लेकर रोहतास जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल गुप्ता धाम में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन को लेकर मंदिर क्षेत्र में व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए मंदिर परिसर में मजबूत बैरिकेडिंग का कार्य कराया जा रहा है। इसके साथ ही मंदिर क्षेत्र के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
प्रशासन की ओर से मंदिर द्वार से 100 मीटर की परिधि में अतिक्रमण कर लगाई गई दुकानों को भी हटा दिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।प्रशासन की इस कार्रवाई से मंदिर क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।




