जनसुराज नेता तोराब नियाजी ने DM को सौंपा ज्ञापन
तिलौथू रोहतास /Etv News 24/ संवाददाता हैदर अली
युवा जन सुराज के प्रदेश उपाध्यक्ष तोराब नियाजी के नेतृत्व में सोमवार को रोहतास प्रखंड परिसर में जिला पदाधिकारी महोदय को एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में रोहतास जिला के समग्र विकास एवं वर्षों से लंबित प्रमुख योजनाओं को गति देने की मांग की गई।ज्ञापन देते हुए श्री नियाजी ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री की कई महत्वाकांक्षी योजनाएं रोहतास में वर्षों से अधूरी पड़ी हैं। आम जनता की मांग और क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए निम्न 6 प्रमुख कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए। उन्होंने मांग की कि बिहार और झारखंड को जोड़ने वाला पाडुका पुल निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। रोपवे निर्माण कार्य जो घटिया सामग्री के कारण क्षतिग्रस्त हो गया था, उसे उच्च गुणवत्ता के साथ जल्द पूर्ण किया जाए। रेहल से चौरासन शिव मंदिर तक सड़क निर्माण कराया जाए ताकि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिले। इसके अलावा अकबरपुर औसानी नदी पर चचरी पुल के स्थान पर स्थायी पुल का निर्माण, महादेव खोह मंदिर को मां तुतला भवानी की तरह धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना, तथा शेख बहाबल शहीद रहमतुल्लाह अलैहि के दरगाह के समीप दोनों पहाड़ी को मिलाते हुए Glass Bridge का निर्माण कराया जाए।श्री नियाजी ने अतिरिक्त रूप से क्षेत्र के वनवासी भाइयों के लिए वनाधिकार एवं आजीविका से संबंधित अतिरिक्त लाभ देने की भी मांग की।उन्होंने आशा व्यक्त की कि जिलाधिकारी के कार्यकाल में ये लंबित कार्य पूर्ण होंगे और रोहतास विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।




