डेहरी ऑन सोन रोहतास/Etv News 24
“वृक्ष ही जीवनदाता हैं। प्रकृति का संतुलन बनाए रखने में पेड़-पौधों की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यदि पेड़ नहीं रहेंगे तो जीव-जंतुओं और मनुष्यों को जीवनदायिनी ऑक्सीजन कहां से मिलेगी।” यह बातें पाली निवासी राजेश्वर सिंह ने कही।
उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं भी अनेक वृक्ष लगाए हैं और लोगों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पेड़ न केवल पर्यावरण को स्वच्छ रखते हैं, बल्कि प्रदूषण को कम करने और तापमान नियंत्रित करने में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
राजेश्वर सिंह ने कहा कि एक सामान्य पेड़ वर्षभर में बड़ी मात्रा में धूल और कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर वातावरण को स्वच्छ बनाने में मदद करता है। इसके साथ ही एक बड़ा पेड़ अपने आसपास के क्षेत्र का तापमान भी कम रखने में सहायक होता है, जिससे गर्मी के दिनों में लोगों को राहत मिलती है।
उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे किसी प्रकार का भेदभाव नहीं करते। वे सभी जीवों को समान रूप से ऑक्सीजन, छाया, फल और स्वच्छ वातावरण प्रदान करते हैं। वर्तमान समय में लगातार बढ़ते तापमान और जलवायु परिवर्तन का प्रमुख कारण अंधाधुंध वृक्षों की कटाई है। यदि समय रहते पेड़ों का संरक्षण और बड़े पैमाने पर पौधारोपण नहीं किया गया तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर पर्यावरणीय संकट का सामना करना पड़ेगा।
अंत में उन्होंने सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि “हर व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल भी करे। यही प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी सच्ची जिम्मेदारी है।”




