सासाराम रोहतास/ Etv News 24
शहर के व्यस्ततम मार्गों में शामिल प्रभाकर रोड पर पिछले दो दिनों से एक बड़ा पेड़ टूटकर बिजली के तारों के सहारे लटका हुआ है, जिससे कभी भी गंभीर दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है। इसके बावजूद संबंधित विभाग एवं प्रशासन द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।उक्त मार्ग से प्रतिदिन जिला प्रशासन के अधिकारी, स्कूल बसें, एम्बुलेंस, छोटे-बड़े वाहन, विद्यार्थी, बुजुर्ग, मरीज एवं हजारों नागरिकों का आवागमन होता है। ऐसे में पेड़ का इस स्थिति में लटका रहना जन-धन की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है।समाजसेवी रजनीश कुमार वर्मा ने जिला प्रशासन, नगर निगम/नगर परिषद एवं विद्युत विभाग का ध्यान इस ओर आकृष्ट करते हुए कहा कि किसी अप्रिय घटना की प्रतीक्षा करने के बजाय तत्काल टूटे हुए पेड़ को हटाकर मार्ग को सुरक्षित बनाया जाए। उन्होंने कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं होने पर किसी भी समय बड़ी दुर्घटना हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।उन्होंने प्रशासन से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाने की अपील की है, ताकि संभावित दुर्घटना को टाला जा सके और आम नागरिक सुरक्षित आवागमन कर सकें।




