तिलौथू रोहतास/Etv News 24/हैदर अली
तिलौथू प्रखंड कार्यालय में शुक्रवार को अचानक सासाराम विधायक स्नेहलता कुशवाहा पहुंची। प्रखंड कार्यालय परिसर में पहुंचते ही बीडीओ अंकिता जैन व सीओ ने इन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद विधायक ने अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान श्रीमती कुशवाहा ने प्रभारी अंचलाधिकारी व अन्य अंचल कर्मियों की कड़ी फटकार लगाई । मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने विधायक से कहा कि सीओ कभी भी फोन नहीं उठाते हैं इतना ही नहीं आमजनों को अपने काम के लिए अंचल कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है। कोई अधिकारी या कर्मचारी जल्दी बात नहीं सुनते हैं। जनता की शिकायत सुन विधायक अवाक रह गईं। विधायक ने अंचल के कर्मियों को निर्देश दिया कि ऐसी शिकायत दोबारा नहीं मिलनी चाहिए। आप जनता की काम को करें और जो यहां से होने लायक नहीं है तो उन्हें समझाएं कि आपका काम कहां जाने पर हो जाएगा वही ग्रामीणों ने तिलौथू में नल जल सेवा बहुत दिनों से बंद होने की भी शिकायत की। बीडीओ अंकिता जैन ने कहा कि पीएचईडी के जेई यहां लापरवाही करते थे। जिन पर मैंने रिपोर्ट किया था और उन पर कार्रवाई भी हो चुकी है। नए जेई योगदान दिए हैं और अब नल जल का काफी काम शुरू कर दिया गया है। विधायक की मौजूदगी में जुटे ग्रामीण ज्यादातर अंचल कार्यालय की शिकायत कर रहे थे। इस मौके पर पूर्व प्रखंड प्रमुख कपिल कुमार, विधायक प्रतिनिधि कृष्ण कुमार , रालोमो प्रखंड अध्यक्ष जैनेंद्र कुमार व फूलेंद्र कुमार समेत अन्य लोग मौजूद थे।



