सासाराम रोहतास/ Etv News 24
बिहार में मौसम दो अलग-अलग रूप दिखा रहा है, लेकिन सबसे ज्यादा असर दक्षिण-पश्चिम इलाके में देखने को मिल रहा है। रोहतास में गर्मी ने हालात बेहाल कर दिए हैं। जिले के डेहरी में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे ज्यादा रहा। तेज धूप और लू के थपेड़ों से दिन के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है।राज्य के कई अन्य जिलों में भी तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। गर्मी का असर सिर्फ इंसानों पर ही नहीं, बल्कि जानवरों पर भी दिख रहा है। राजगीर जू सफारी में बाघ धूप से बचने के लिए छांव का सहारा लेते नजर आए। दूसरी ओर, मौसम विभाग ने राज्य के 13 जिलों में आंधी-बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। जबकि करीब 25 जिलों में भीषण गर्मी का असर बना रहेगा। भागलपुर और सुपौल में बादल छाए रहने से लोगों को हल्की राहत महसूस हो रही है, लेकिन उमस ने परेशानी बढ़ा दी है। वहीं भोजपुर में गर्मी से एक महिला की मौत की खबर ने हालात की गंभीरता को और बढ़ा दिया है। मौसम के इस बदले मिजाज के बीच प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की अपील की है। खासकर रोहतास जैसे जिलों में लू से बचाव को लेकर सावधानी बरतने की सख्त जरूरत बताई गई है।



