कैमूर बिहार/ Etv News 24/ ब्यूरो रिपोर्ट
भभुआ शहर में सड़क सुरक्षा मानकों की अनदेखी और मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के विभिन्न प्रावधानों के उल्लंघन को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान कुल 40 ई-रिक्शाओं को दंडित करते हुए जब्त किया गया।यह कार्रवाई परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से की गई। जांच के दौरान कई ई-रिक्शा बिना वैध कागजात, फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों के सड़कों पर चलते पाए गए। साथ ही कई वाहनों द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए अनियमित तरीके से सवारी बैठाने और यातायात व्यवस्था को बाधित करने की शिकायतें भी सामने आईं।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में बढ़ते ट्रैफिक जाम और सड़क दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए इस तरह के विशेष जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे। अधिकारियों ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला सड़क सुरक्षा समिति ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें। समिति ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। नियमों का पालन करने से न केवल दुर्घटनाओं में कमी आएगी, बल्कि शहर में यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनी रहेगी।प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि भविष्य में नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिससे सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।



