प्रियांशु कुमार समस्तीपुर बिहार/Etv News 24
डॉ राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में रविवार को भी अनुसंधान परिषद की कार्यवाही जारी रही। इससे पहले शनिवार को अनुसंधान परिषद की बैठक रात दस बजे तक चली । लेकिन अधिक संख्या में अनुसंधान परियोजनाओं और उनपर चल रहे गहन समीक्षा में लगने वाले समय को देखते हुए कुलपति डॉ पी एस पांडेय ने सभी संकाय सदस्यों की सहमति से इसे रविवार को भी जारी रखने का निर्णय लिया। रविवार को हुए बैठक में नये अनुसंधान परियोजनाओं की समीक्षा की गई जिसमें से कई परियोजनाओं को मंजूरी दी गई जबकि कई परियोजनाओं को फिर से विभिन्न आयामों को जोडकर और बाह्य विशेषज्ञों के द्वारा दिये गये सुझावों के अनुसार फिर से अगली बैठक में प्रस्तुत करने का आग्रह किया गया। अनुसंधान परिषद की रविवार की बैठक में कुछ हाइब्रिड धान से उत्पादन तकनीक एवं अन्य कई तकनीकों को भी प्रस्तुत किया गया, जिसकी सराहना की गई और कुछ सुझाव के साथ अगले बैठक में प्रस्तुत करने का निर्णय लिया गया। अनुसंधान परिषद का सोमवार को समापन समारोह आयोजित किया जाएगा जिसमें किसानों से संबंधित विभिन्न तकनीक एवं रबी फसलों के उन्नत प्रभेदों की बाह्य विशेषज्ञों के द्वारा गहन समीक्षा के बाद रिलीज करने का निर्णय लिया जा सकता है।



