विकास भवन में अनुशासनहीनता पर शासन का बड़ा एक्शन, वृहद जांच के आदेश
डीएम की जांच रिपोर्ट के बाद गिरी गाज, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लिया निर्णय
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
जनपद सुल्तानपुर के सूत्रों के मुताबिक जानकारी के अनुसार विकास भवन से जुड़े एक मामले में शासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला ग्राम्य विकास अभिकरण (DRDA) के परियोजना निदेशक अशोक कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के स्तर से हुई कार्रवाई के साथ ही उनके विरुद्ध वृहद जांच के आदेश भी दिए गए हैं। कार्रवाई की खबर सामने आते ही विकास भवन के प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई।
बताया जा रहा है कि बीते दिनों परियोजना निदेशक पर अपने विभागीय लिपिकों के माध्यम से उच्चाधिकारियों से फोन पर बातचीत के दौरान कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करने और अनुशासनहीनता किए जाने के आरोप लगे थे। मामला उच्च स्तर तक पहुंचने के बाद इसकी जांच कराई गई।
डीएम ने गठित की थी जांच कमेटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने जांच कमेटी गठित कर प्रकरण की जांच कराई। जांच कमेटी की रिपोर्ट तैयार होने के बाद उसे शासन को भेजा गया था। शासन स्तर पर रिपोर्ट और उपलब्ध तथ्यों का परीक्षण किए जाने के बाद परियोजना निदेशक अशोक कुमार सिंह के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।
वृहद जांच से बढ़ सकती हैं मुश्किलें
निलंबन के साथ ही शासन ने मामले में वृहद जांच के निर्देश दिए हैं। ऐसे में जांच के दौरान आरोपों से जुड़े अन्य तथ्यों और जिम्मेदारियों की भी पड़ताल होने की संभावना है। विकास भवन में हुए इस घटनाक्रम ने अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच अनुशासन तथा विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर भी चर्चा तेज कर दी है।
शासन की इस कार्रवाई को उच्चाधिकारियों के साथ कथित अनुशासनहीनता के मामले में सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। अब वृहद जांच की रिपोर्ट के बाद मामले में आगे की कार्रवाई तय होगी।




