सासाराम रोहतास/ Etv News 24
जिला पदाधिकारी, रोहतास दीपक कुमार मिश्रा द्वारा नोखा प्रखंड मुख्यालय स्थित जिला बुनियाद केंद्र का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उप विकास आयुक्त सुश्री आकांक्षा आनंद, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री विनय प्रताप सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, फिजियोथेरपी सेवा तथा बच्चों, दिव्यांगजनों और बुजुर्गों को दी जा रही उपचार एवं सहायता संबंधी सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने फिजियोथेरपी हॉल का निरीक्षण करते हुए चिकित्सकों एवं कर्मियों से मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।चिकित्सक ने बताया कि केंद्र पर प्रतिदिन औसतन करीब 10 लोग ही फिजियोथेरपी कराने पहुंचते हैं। मरीजों की कम संख्या की जानकारी मिलने पर जिला पदाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि केंद्र पर इतनी महत्वपूर्ण सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद कम संख्या में लोगों का पहुंचना चिंता का विषय है। उन्होंने फिजियोथेरपी सेवा का लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कराने और मरीजों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया।जिला पदाधिकारी ने कहा कि जरूरतमंद बच्चों, दिव्यांगजनों, बुजुर्गों एवं अन्य मरीजों को बुनियाद केंद्र की सुविधाओं का समय पर लाभ मिलना चाहिए। इसके लिए केंद्र पर उपलब्ध सेवाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाए। उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने तथा मरीजों को सुविधाजनक, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील सेवा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मियों को केंद्र की सेवाओं की नियमित निगरानी करने और अधिक से अधिक पात्र लोगों को इससे जोड़ने पर जोर दिया।जिला बुनियाद केंद्र में बच्चों, दिव्यांगजनों और बुजुर्गों के लिए फिजियोथेरपी सहित विभिन्न प्रकार की सहायता एवं उपचार संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।




