करगहर रोहतास/ Etv News 24/संवाददाता मैनुद्दीन
करगहर थाना क्षेत्र अन्तर्गत कारगहर स्थानीय गांव के वार्ड नंबर 9 में एक विवाहिता को प्रताड़ित कर गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया गया। इस मामले में विवाहिता ने ससुराल के 10 लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई है ।एस आई संजीव कुमार ने बताया कि करगहर निवासी खुशबू मिश्रा पति लाल बाबू मिश्रा की शादी विगत 3 वर्षों पूर्व संपन्न हुई थी । शादी के बाद दहेज में 10 लाख रुपए नगद तथा कार देने के लिए पति, सास, ससुर और परिवार के अन्य सदस्यों द्वारा दबाव दिया जाने लगा । यह बात उसने अपने पिता को बताई । पिता ने उसके ससुराल पहुंचकर अपनी मजबूरी बताते हुए कहा कि इतनी बड़ी रकम नहीं दे सकता । रिश्तेदारों के साथ परिवार की कई बार पंचायती हुई लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। विवाहिता के साथ प्रतिदिन मारपीट तथा प्रताड़ित करने का सिलसिला तेजी से बढ़ने लगा । इस बीच मंगलवार को विवाहिता के साथ मारपीट कर गला दबाने की कोशिश की गई । जिससे तंग होकर उसने पति ,सास ,ससुर सहित परिवार के 10 लोगों के विरुद्ध नामजद एफआईआर दर्ज कराई है । पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।




