इंद्रपुरी /रोहतास/ Etv News 24
इंद्रपुरी थाना क्षेत्र के पितांबरपुर जाने वाले मार्ग पर सोमवार सुबह बेखौफ अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी को निशाना बनाते हुए आभूषणों से भरा बैग लूट लिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।जानकारी के अनुसार, भलुआड़ी निवासी स्वर्ण व्यवसायी किशुन सेठ अपनी टीवीएस एक्सएल-100 से फेरी के लिए पितांबरपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने उन्हें रोककर आभूषणों से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ डेहरी-01 सत्यकाम एवं इंद्रपुरी थानाध्यक्ष प्रियंका कुमारी गुप्ता पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा मामले की जांच शुरू कर दी।थानाध्यक्ष प्रियंका कुमारी गुप्ता ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अपराधियों की गिरफ्तारी एवं लूटे गए आभूषणों की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मामले में विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय स्वर्ण व्यवसायियों और क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है।




