डेहरी ओन सोन रोहतास /Etv News 24
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता गुड्डू चंद्रवंशी ने प्रखंड क्षेत्र के रुद्रपुरा गांव पहुंचकर मृतक विकास कुमार के परिजनों से मुलाकात की और शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मृतक की मां एवं अन्य स्वजनों को ढांढस बंधाते हुए घटना पर गहरा दुख जताया।इस दौरान गुड्डू चंद्रवंशी ने कहा कि पुलिस को इस मामले में शीघ्र कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल आरोपितों को गिरफ्तार करना चाहिए। उन्होंने रोहतास के पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।गौरतलब है कि गत 6 जुलाई को पश्चिम सोन नहर की हाईडल नहर से 27 वर्षीय विकास कुमार का शव बरामद हुआ था। शव पर मारपीट के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई गई थी। परिजनों के अनुसार, 4 जुलाई की रात किसी ने विकास को फोन कर घर से बुलाया था, जिसके बाद वह लापता हो गया था।मृतक के परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।मौके पर राजद नेता धनंजय यादव सहित अन्य स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे।




