डेहरी ओन सोन रोहतास/ Etv News 24
महिलाओं एवं बालिकाओं में मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा जरूरत के समय सेनेटरी नैपकिन की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन, पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल की ओर से सोमवार को ईस्ट सेंट्रल रेलवे इंटर कॉलेज एवं पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पर सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनों का लोकार्पण किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन की अध्यक्षा श्रीमती चित्रा सिंह ने किया।

इस अवसर पर रेलवे इंटर कॉलेज की 160 छात्राओं के बीच सेनेटरी पैड का वितरण किया गया तथा “मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता” विषय पर जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन भी किया गया।संगोष्ठी में मंडल रेल अस्पताल, डीडीयू की डॉ. श्वाती ने छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता, संक्रमण से बचाव, वैज्ञानिक तथ्यों तथा इससे जुड़े मिथकों और भ्रांतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को उचित स्वच्छता अपनाने और आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर श्रीमती चित्रा सिंह ने कहा कि मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता महिलाओं के स्वास्थ्य, गरिमा और आत्मसम्मान से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने कहा कि सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनों की स्थापना छात्राओं, महिला कर्मचारियों और महिला यात्रियों के स्वास्थ्य, सुविधा एवं सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने समाज में मासिक धर्म से जुड़े संकोच और भ्रांतियों को दूर करने की भी अपील की।

इसके साथ ही पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 स्थित महिला उच्च श्रेणी प्रतीक्षालय में भी एक सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन का लोकार्पण किया गया, जिससे यात्रा के दौरान महिला यात्रियों को आवश्यक सुविधा आसानी से उपलब्ध हो सके।कार्यक्रम में संगठन की उपाध्यक्षा श्रीमती दीपिका, सचिव श्रीमती शालिनी भूषण, कोषाध्यक्ष श्रीमती प्रियांशु यादव सहित श्रीमती मीता नारी, श्रीमती सोमा चटर्जी, श्रीमती कंचन पांडेय, श्रीमती आरती एवं श्रीमती दुर्गेश्वरी तथा महिला कल्याण संगठन की अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं।




