करगहर रोहतास/ Etv News 24/ मैनुद्दीन संवाददाता
रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र अंतर्गत समरडिहा व पिपरा गांव के बधार में रविवार की सुबह लगभग नौ बजे जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प और गोलीबारी ।इस गोलीबारी की घटना के दौरान खेत में धान की रोपनी कर रही एक युवती को गोली यानी छर्रा लगने से गंभीर रूप से घायल हो गयी। घटना के बाद बधार में पूरी तरह अफरा-तफरी मच गई।
इस हादसे में घायल युवती की पहचान समरडिहा गांव निवासी जय मंगल पासवान की 18 वर्षीय बेटी शोभा कुमारी के रूप में की गई है।प्रभारी थानाध्यक्ष राजीव कुमार के अनुसार, पिपरा गांव निवासी धनु राय व अजित कुमार और समरडिहा गांव निवासी मनोज कुमार के बीच पुराना जमीन विवाद चल रहा है। इसी विवाद में रविवार को हुई गोलीबारी के दौरान खेत में काम कर रही शोभा को छर्रा लग गया।
मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और ग्रामीणों ने, जो खेत में रोपनी का कार्य कर रहे थे, आनन-फानन में घायल युवती को इलाज के लिए करगहर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां तैनात चिकित्सकों ने युवती की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे सासाराम सदर अस्पताल रेफर कर दिया।फिलहाल घायल युवती खतरे से बाहर बतायी जाती है। करगहर पुलिस ने घटना की सूचना पाकर तुरंत दलबल के साथ बधार में पहुंचकर स्थिति को संभाला।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से एक लाइसेंसी राइफल और कारतूस के दर्जनों खोखे बरामद किए हैं। तनाव को देखते हुए घटनास्थल पर पुलिस बल की भारी तैनाती कर दी गयी है।फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।




