सुरक्षा व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश, सीसीटीवी कैमरे एवं नियमित पुलिस गश्ती सुनिश्चित करने के निर्देश
डेहरी/रोहतास/Etv News 24
दुर्गा पूजा के अवसर पर जिले में शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से पूजा संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक, रोहतास ने डालमियानगर एवं रोहतास क्लब स्थित दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ प्रबंधन तथा जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो तथा सभी पूजा पंडालों में सुरक्षा के आवश्यक मानकों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण एवं आम नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), अंचलाधिकारी (सीओ) तथा अन्य संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा करें तथा किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर उसका तत्काल निराकरण सुनिश्चित करें।
प्रकाश एवं विद्युत सुरक्षा पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने पूजा पंडालों एवं उनके आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि रात्रि के समय श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने विद्युत व्यवस्था की सुरक्षा की जांच करने तथा बिजली के तारों, विद्युत उपकरणों एवं अस्थायी विद्युत संयोजनों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।
सीसीटीवी कैमरे एवं पुलिस गश्ती की व्यवस्था
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने पूजा पंडालों तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आवश्यकतानुसार सीसीटीवी कैमरे लगाने एवं उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। पुलिस पदाधिकारियों को नियमित गश्ती करने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों के आसपास आवागमन सुचारु बनाए रखने, भीड़ की स्थिति पर नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए सभी संबंधित पदाधिकारी सतर्क एवं तैयार रहें।
पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को पूजा समितियों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित आवागमन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि दुर्गा पूजा के दौरान अपने-अपने क्षेत्र में सतत निगरानी रखें तथा किसी भी समस्या की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करें।
जिला प्रशासन, रोहतास की ओर से आम नागरिकों एवं पूजा समितियों से अपील की जाती है कि वे प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में दुर्गा पूजा का आयोजन सुनिश्चित करने में सहयोग प्रदान करें।




