डेहरी-ऑन-सोन (रोहतास) Etv News 24
डेहरी विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के पूर्व प्रत्याशी गुड्डू चन्द्रवंशी ने ऐतिहासिक रोहतासगढ़ किला का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने वहां रहने वाले बच्चों के बीच कॉपी, कलम और चॉकलेट का वितरण किया तथा जरूरतमंद लोगों को भी सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर गुड्डू चन्द्रवंशी ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। बच्चों को शिक्षा से जोड़ना पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के साथ-साथ वहां रहने वाले लोगों के जीवन स्तर में सुधार भी आवश्यक है।
उन्होंने बिहार सरकार एवं संबंधित विभाग से मांग की कि ऐतिहासिक रोहतासगढ़ किला को विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाए। पर्यटकों की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय, विश्राम स्थल, मार्गदर्शन केंद्र, बेहतर सड़क संपर्क तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
गुड्डू चन्द्रवंशी ने कहा कि रोहतासगढ़ किला बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर है। इसके समुचित विकास से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और पूरे क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने लोगों से भी अपनी ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए इन अमूल्य विरासतों को सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।




