करगहर रोहतास /Etv News 24
सूरत स्थित केमिकल फैक्ट्री में झुलसे रोहतास के चार श्रमिकों में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है । जबकि चौथे की स्थिति गंभीर बनी हुई है । ज्ञातव्य है कि केमिकल युक्त कचरा साफ करने के दौरान उक्त श्रमिक झुलस गए थे। जिन्हें गंभीर स्थिति में सूरत के बाबा मेमोरियल हॉस्पिटल में भर्ती किया गया । जहां गुरुवार को चिकित्सकों ने जिला के शिवसागर वार्ड नंबर 7 निवासी सोनू कुमार पासवान को मृत घोषित कर दिया था । वहीं दूसरी ओर इलाज के दौरान शुक्रवार की देर रात तीन श्रमिकों में से करगहर थाना क्षेत्र के घोरडीहां निवासी रविंद्र पासवान का 19 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार तथा कोचस थाना क्षेत्र के कपसियां निवासी तुलसी पासवान का 22 वर्षीय पुत्र संदीप कुमार पासवान की मौत हो गई । जबकि हादसे में बुरी तरह झुलसा कपसियां गांव के रामेश्वर पासवान का 23 वर्षीय पुत्र अमरेंद्र कुमार जिंदगी और मौत से जूझ रहा है । परिजनों के मुताबिक उसकी स्थिति काफी संवेदनशील बनी हुई है ।घोरडीहां निवासी मृतक के पिता रविंद्र पासवान ने मोबाइल फोन पर बताया कि केमिकल फैक्ट्री के अधिकारी और मालिक बिना मुआवजा के उन्हें शव के साथ घर भेजने की कोशिश कर रहे हैं । लेकिन पोस्टमार्टम के बाद दोनों शवों को फैक्ट्री के मुख्य द्वार पर रखकर श्रम विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई है । उन्होंने बताया कि उनके साथ फैक्ट्री के श्रमिक भी धरना पर बैठे हैं । उन्होंने बताया कि सबसे बड़ा दुःख यह है कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी बिहार सरकार ने कोई संज्ञान नहीं लिया और नहीं उन्हें कोई मदद मिली है । जिसकी वजह से हम श्रमिक दुसरे प्रदेश में फंसे हुए हैं ।



