घटनास्थल से कुछ दूर आगे एक बाइक छोड़कर भागे बदमाश, 5 खोखा बरामद
प्रियांशु कुमार समस्तीपुर बिहार/Etv News 24
कल्याणपुर प्रखंड के चकमेहसी थाना क्षेत्र के मालीनगर में एक सीएसपी संचालक को बदमाशों ने गोली मारकर एक लाख रुपये नगदी लूट ली। घटना सोमवार दिन के करीब 11.30 बजे अंजाम दिया गया है। जख्मी की पहचान गांव के ही सीएसपी संचालक मनीष कुमार के रूप में हुई। बताया गया कि जख्मी अपने घर के निकट स्टेट बैंक आफ इंडिया का ग्राहक सेवा केन्द्र (सीएसपी) संचालित करते हैं। जहां लूटपाट की नीयत से दो बाइक सवार चार नकाबपोश बदमाश पहुंचे। उन्होंने हथियार के बल पर सीएसपी से एक लाख रुपये नगदी लूट ली। विरोध करने पर संचालक को जांघ में गोली मारकर जख्मी कर दिया। सभी बदमाशों फायरिंग करते हुए सैदपुर की दिशा में भाग निकले। बताया गया कि बदमाशों के भागने के दौरान ग्रामीणों ने खदेड़कर पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों की एक बाइक का चेन उतर गया। स्वयं को ग्रामीणों से घिरते देख बदमाशों ने एक बार फिर फायरिंग करते हुए सभी एक ही बाइक पर सवार हो गए। जबकि, एक बाइक घटनास्थल के समीप ही छोड़ दिया। ग्रामीणों ने आनन-फानन में जख्मी को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पूसा में भर्ती कराया है। जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिकी उपचार के बाद रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संतोष कुमार यादव एवं प्रभारी थाना अध्यक्ष मोहम्मद सबिर खान दलबल समेत मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन में जुट गए। पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखा बरामद किया है। साथ ही बदमाशों की एक बाइक को अपने कब्जे में लेकर छानबीन में जुटी है। पुलिस घटनास्थल के समीप लगी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही। ताकि, बदमाशों की पहचान की जा सके। वहीं पुलिस की एक टीम बदमाशों के भागने की दिशा में कार्य कर रही। इधर, घटना के बाद में ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना है। पूर्व पैक्स अध्यक्ष अखिलेश कुमार ठाकुर ने बताया कि बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग की। इधर, सदर डीएसपी टू संजय कुमार ने बताया कि सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुटी है। बदमाशों का पता लगाया जा रहा है।



