पटना/बिहार/ Etv News 24
बिहार पुलिस मुख्यालय ने पुलिसकर्मियों के आचरण और वर्दी की गरिमा को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। नए आदेश के अनुसार अब ड्यूटी के दौरान वर्दी में चंदन-टीका लगाने, सजने-संवरने और मेकअप करने पर रोक लगा दी गई है। साथ ही, वर्दी में फोटो या वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। यह निर्देश विनय कुमार, डीजीपी बिहार के आदेश पर जारी किया गया है। आदेश में साफ कहा गया है कि पुलिसकर्मी अपनी वर्दी की गरिमा बनाए रखें और ड्यूटी के दौरान पूरी तरह पेशेवर व्यवहार अपनाएं। पुलिस मुख्यालय के अनुसार, हाल के दिनों में कई ऐसे मामले सामने आए थे, जिनमें वर्दी में पुलिसकर्मी सोशल मीडिया पर रील और फोटो साझा करते नजर आए। इसे अनुशासनहीनता मानते हुए विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को इस निर्देश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है। पुलिस विभाग का मानना है कि इस कदम से वर्दी की मर्यादा बनी रहेगी और पुलिस की पेशेवर छवि और मजबूत होगी।



