समस्तीपुर/ बिहार न्यूज डेस्क/Etv News 24
समस्तीपुर:- गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज, समस्तीपुर में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया। इस सेमिनार में कई प्रमुख गणमान्य व्यक्ति उपस्थित हुए। कार्यक्रम में श्री राम जानकी मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. जीसी कर्ण, श्री रामचंद्र सेवा सदन के निदेशक डॉ. मनोज कुमार सिंह, कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. आर. एम. तुगनायत, प्रो. शिव रामा कृष्णा, नारायण इन्फो समस्तीपुर के निदेशक कुणाल कुमार और राम जानकी मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के स्वास्थ्य प्रबंधक अंजनी आनंद शामिल थे। डॉ. मनोज कुमार सिंह ने अपने उद्बोधन में मानसिक स्वास्थ्य को वर्तमान समय की एक गंभीर चुनौती बताया और इसके कई कारणों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित ऐतिहासिक उदाहरणों का उल्लेख किया और इसके प्रभावी समाधान के उपायों पर प्रकाश डाला। उनका संदेश था कि मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाना आवश्यक है, ताकि समाज में इसके प्रति जागरूकता बढ़ सके और हम मानसिक शांति और संतुलन की ओर बढ़ सकें। श्री राम जानकी मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. जीसी कर्ण ने भी मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता के महत्व को समझाते हुए कहा कि यह केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है। मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल से हम जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बना सकते हैं और समाज में एक सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। नारायण इन्फो समस्तीपुर के निदेशक कुणाल कुमार ने भी इस विषय पर अपने विचार साझा किए और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के उपायों पर बात की। उन्होंने कहा कि इस तरह के सेमिनारों का आयोजन समय की आवश्यकता है, ताकि हम मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मिथकों को तोड़ सकें और एक स्वस्थ समाज की ओर अग्रसर हो सकें। इस कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षक और सैकड़ों छात्र उपस्थित थे।



