एनीमिया से बचाव, मानसिक स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
संतुलित आहार और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने का दिया संदेश
सहारनपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
किशोरियों को स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सहारनपुर ऑब्स एवं गायनिक सोसायटी के तत्वावधान में गुरुवार को मिशन कंपाउंड स्थित सेंट मैरीज स्कूल में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किशोरियों को एनीमिया से बचाव, माहवारी संबंधी समस्याओं, त्वचा की देखभाल, मानसिक स्वास्थ्य और साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।
शिविर में डॉ. चित्रा मनचंदा ने पोषण एवं एनीमिया से बचाव के उपाय बताए। डॉ. सोमा अग्रवाल ने माहवारी के दौरान होने वाली समस्याओं और उनसे संबंधित जरूरी सावधानियों पर प्रकाश डाला। डॉ. आकांक्षा ठक्कर ने त्वचा की देखभाल के बारे में जानकारी दी, जबकि डॉ. मीनल गोयल ने साइबर अपराधों से बचाव और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

सोसायटी अध्यक्ष डॉ. पूनम त्यागी ने किशोरियों के मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को समझाते हुए स्वस्थ सोच और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी। डॉ. भारती कालरा ने व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व पर जोर दिया। वहीं, वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अनिता मलक ने एनीमिया मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए किशोरियों में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
चिकित्सकों ने किशोरियों को संतुलित आहार लेने, स्वच्छता का ध्यान रखने और नियमित दिनचर्या अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में फादर जॉर्ज चिन्मय, सिस्टर शीला सोलंकी और मधुमालिनी अग्रवाल का सहयोग रहा।




