प्रगणकों और सुपरवाइजरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू, सही आंकड़ों पर दिया जोर
फील्ड में त्रुटि से बचने के लिए जिम्मेदारी और पारदर्शिता से करें कार्य
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
जनगणना-2027 राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण कार्य है। इसके आंकड़ों के आधार पर ही भविष्य की विकास योजनाएं तैयार की जाती हैं। इसलिए जनगणना की प्रक्रिया का सही, पारदर्शी और व्यवस्थित होना बेहद जरूरी है।
यह बात जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने गुरुवार को जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ के दौरान कही।
जिलाधिकारी ने तहसील सदर (ग्रामीण) के प्रगणकों और सुपरवाइजरों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलित किया। इसके बाद प्रशिक्षण कक्षों का निरीक्षण किया और प्रशिक्षुओं से संवाद कर प्रशिक्षण की जानकारी ली।
डीएम ने कहा कि जनगणना के दौरान जुटाया जाने वाला प्रत्येक आंकड़ा सही और प्रामाणिक होना चाहिए। आंकड़ों की विश्वसनीयता ही योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का आधार बनती है। ऐसे में सभी प्रगणक और सुपरवाइजर अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करें।
उन्होंने निर्देश दिया कि प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही जानकारियों को गंभीरता से समझें। सभी सत्रों में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करें और महत्वपूर्ण बिंदुओं को नोट करें, ताकि क्षेत्र में जनगणना का कार्य करते समय किसी प्रकार की त्रुटि न हो। उन्होंने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है और इसके सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट प्रीति जैन, एसडीएम सदर गरिमा सोनकिया सहित अन्य अधिकारी, प्रगणक और सुपरवाइजर मौजूद रहे।




