डेहरी ऑन सोन/ रोहतास/Etv News 24
जिले के लिए गौरव का क्षण आया है। आरएसके पब्लिक स्कूल, बस्तीपुर डेहरी ऑन सोन के 25 छात्र-छात्राओं का चयन एटीसी एनसीसी प्रशिक्षण शिविर के लिए हुआ है। चयनित सभी कैडेट उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति की भावना के साथ प्रशिक्षण के लिए कैमूर जिले के कुदरा स्थित पैराडाइज चिल्ड्रेन अकादमी रवाना हो गए। विद्यालय के निदेशक श्री आनंद सिंह ने हरी झंडी दिखाकर सभी कैडेट्स को रवाना किया। इस अवसर पर निदेशक श्री आनंद सिंह ने कहा कि आरएसके पब्लिक स्कूल डेहरी ऑन सोन का एकमात्र प्रमुख विद्यालय है, जहां विद्यार्थियों को एनसीसी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। श्री सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में कैडेट्स को परेड ड्रिल, शारीरिक प्रशिक्षण, अनुशासन, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं सामाजिक कार्यों से जुड़ा विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होगा। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने भी सभी चयनित कैडेट्स को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भरोसा जताया कि छात्र-छात्राएं शिविर में बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन करेंगे। विद्यालय के इस प्रयास की अभिभावकों ने भी सराहना की है। अभिभावकों ने प्रबंधन, शिक्षक एवं शिक्षिकाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण में अहम भूमिका निभाती हैं।



