चेनारी/रोहतास/ Etv News 24
बीजापुर नक्सल विरोधी अभियान में शहीद हुए रोहतास के जवान दिलीप कुमार पासवान के आश्रितों को मिली 21 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि रोहतास जिले के चेनारी प्रखंड अंतर्गत सेमरी गांव निवासी शहीद जवान दिलीप कुमार पासवान के परिजनों को बिहार सरकार की ओर से 21 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की गई है। यह सहायता राशि राज्य सरकार द्वारा शहीद जवान के परिवार के प्रति सम्मान, संवेदना एवं सहयोग के रूप में दी गई है।ज्ञात हो कि सिपाही/जीडी दिलीप कुमार पासवान आरक्षी केंद्र के बल संख्या 196 बलवाहिनी में पदस्थापित थे। 23 अप्रैल 2025 को छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के महादेव घाटी क्षेत्र में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर आईईडी विस्फोट में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायल अवस्था में उन्हें बेहतर इलाज के लिए नई दिल्ली स्थित एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली थी।बिहार सरकार के सैनिक कल्याण निदेशालय के निर्देश के आलोक में शहीद जवान के आश्रितों को अनुग्रह अनुदान उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की गई। इस संबंध में अंचल अधिकारी चेनारी सुश्री पूजा शर्मा, भूमि सुधार उप समाहर्ता सासाराम ओमप्रकाश एवं अनुमंडल पदाधिकारी सासाराम डॉ नेहा कुमारी द्वारा आवश्यक जांच एवं अनुशंसा की गई, जिसके उपरांत सहायता राशि की स्वीकृति प्रदान की गई।शहीद जवान के माता-पिता की सहमति के बाद वरीय उप समाहर्ता ओम प्रकाश लाल एवं अंचल अधिकारी पूजा शर्मा के हाथों उनकी पत्नी श्रीमती अनीता देवी को 21 लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई। इस दौरान परिवार के सदस्यों ने सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।ग्रामीणों एवं स्थानीय लोगों ने बिहार सरकार द्वारा दी गई सहायता राशि को शहीद परिवार के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का प्रतीक बताया। ग्रामीणों ने कहा कि जवान दिलीप कुमार पासवान ने देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।



