तीन तिथियों में दो पालियों में होगी परीक्षा, अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट से कर सकेंगे डाउनलोड
30 अक्टूबर की परीक्षा के प्रवेश पत्र 23 अक्टूबर से उपलब्ध, वैध प्रवेश पत्र के बिना नहीं मिलेगा केंद्र में प्रवेश
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने विज्ञापन संख्या-16-परीक्षा/2026 के तहत प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 की लिखित परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी करने की तिथियां घोषित कर दी हैं। परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर को प्रदेश के 60 जनपदों में प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थी अपनी परीक्षा तिथि के अनुसार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
आयोग की ओर से 17 अक्टूबर को जारी आवश्यक सूचना के अनुसार, 25 अक्टूबर को होने वाली परीक्षा के प्रवेश पत्र 17 अक्टूबर से उपलब्ध करा दिए गए हैं। वहीं, 30 अक्टूबर की परीक्षा के प्रवेश पत्र 23 अक्टूबर से डाउनलोड किए जा सकेंगे। एक नवंबर को होने वाली परीक्षा के प्रवेश पत्र 25 अक्टूबर से उपलब्ध होंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित तिथि पर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर उसमें दर्ज परीक्षा केंद्र, पाली और अन्य निर्देशों की जांच कर लें।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर प्रवेश पत्र संबंधी लिंक पर क्लिक कर मांगी गई जानकारियां भरने के बाद अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा आयोग के अधिकृत एंड्रॉयड मोबाइल एप और पंजीकृत ई-मेल पर भेजे गए लिंक के माध्यम से भी प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की सुविधा दी गई है।
अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र पर अंकित निर्देशों का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने और निर्धारित तिथि व समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने को कहा गया है। परीक्षा में शामिल होने के लिए वैध प्रवेश पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। इसके बिना परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।




