दीपोत्सव, चौदह कोसी-पंचकोसी परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा मेले को लेकर प्रशासन सतर्क
त्योहारों, धार्मिक आयोजनों और प्रतियोगी परीक्षाओं के मद्देनजर डीएम ने जारी किया आदेश
अयोध्या उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
आगामी धार्मिक त्योहारों, दीपोत्सव, चौदह कोसी-पंचकोसी परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा मेले के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जिला मजिस्ट्रेट शशांक त्रिपाठी ने जिले की संपूर्ण सीमा में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और वापस नहीं लिए जाने की स्थिति में 17 दिसंबर 2026 तक प्रभावी रहेगा।
प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, आगामी दिनों में महर्षि वाल्मीकि जयंती, सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती, धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज सहित कई प्रमुख पर्व मनाए जाने हैं। इसके अलावा छठ पूजा, गुरु नानक जयंती, वीरांगना ऊदा देवी शहीद दिवस और ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती के उर्स को देखते हुए भी विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता जताई गई है।
जिले में विभिन्न आयोगों की प्रतियोगी और शैक्षणिक परीक्षाएं भी प्रस्तावित हैं। ऐसे में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से निषेधाज्ञा लागू की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है।




