तीन अधिकारियों ने जेवी जैन कॉलेज समेत विभिन्न केंद्रों का किया निरीक्षण, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के निर्देश
कंट्रोल रूम से निगरानी, हर दो घंटे में मतदान प्रतिशत की रिपोर्ट देने के आदेश
सहारनपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के दौरान शुक्रवार को मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने जेवी जैन कॉलेज समेत विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती और मतदान प्रक्रिया का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के सुगम आवागमन, प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा सुरक्षा के इंतजामों की पड़ताल की। उन्होंने मतदान ड्यूटी पर तैनात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि निर्वाचन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाए।
मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने कहा कि निर्वाचन को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी अपने निर्धारित प्वाइंट पर सतर्कता, अनुशासन और मुस्तैदी के साथ जिम्मेदारी निभाएं। मतदान केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए और मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने या अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों की निगरानी कंट्रोल रूम के माध्यम से की जा रही है। प्रत्येक दो घंटे में मतदान प्रतिशत, कानून-व्यवस्था की स्थिति और किसी भी असामान्य घटना की सूचना कंट्रोल रूम को समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। मतदान के बाद मतपेटिकाओं को सील कर वीडियोग्राफी के बीच स्ट्रांग रूम में जमा कराया जाएगा।
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि मतदान के लिए आने वाले मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूरी प्रक्रिया निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाए।




