सासाराम/रोहतास/Etv News 24
सासाराम। शेरशाह सूरी महोत्सव संपन्न हुए कई दिन बीत जाने के बाद भी फैजलगंज स्टेडियम में फैली गंदगी की सफाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। स्टेडियम परिसर में पानी की खाली बोतलें, प्लास्टिक कचरा और अन्य अपशिष्ट अब भी जगह-जगह बिखरे पड़े हैं। सुबह टहलने, दौड़ लगाने और व्यायाम करने पहुंचने वाले लोगों ने नगर प्रशासन और संबंधित अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के सैकड़ों लोग प्रतिदिन सुबह स्वास्थ्य लाभ के लिए फैजलगंज स्टेडियम पहुंचते हैं। लेकिन स्टेडियम में फैली गंदगी के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिवक्ता चंद्रेश चौबे ने कहा कि महोत्सव समाप्त होने के कई दिन बाद भी सफाई नहीं होना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कूड़ा एक स्थान से दूसरे स्थान तक फैल रहा है, जिससे स्थिति और खराब होती जा रही है।स्टेडियम पहुंचे धर्मेंद्र शुक्ला ने कहा कि आसपास के कई अधिकारी, सामाजिक लोग और आम नागरिक सुबह यहां दौड़ और व्यायाम करने आते हैं, लेकिन गंदगी के कारण बीमारी फैलने की आशंका बढ़ रही है। स्वच्छ वातावरण के बजाय लोगों को असुविधा और गंदगी का सामना करना पड़ रहा है।वहीं रवीश पाठक ने कहा कि नगर निगम, नगर प्रशासन और जिला प्रशासन को इस मामले में तुरंत संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि जल्द सफाई नहीं कराई गई तो यह गंदगी आगे चलकर बीमारियों का कारण बन सकती है।सुबह टहलने और दौड़ने आने वाले लोगों ने जिला प्रशासन, नगर निगम और संबंधित उच्च अधिकारियों से विशेष ध्यान देते हुए स्टेडियम की तत्काल साफ-सफाई कराने की मांग की है, ताकि स्वास्थ्य लाभ के लिए पहुंचने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी या असुविधा का सामना नहीं करना पड़े और स्टेडियम का वातावरण स्वच्छ व बेहतर बना रहे।



