सासाराम/रोहतास/Etv News 24
माननीय मुख्यमंत्री बिहार नीतीश कुमार द्वारा घोषित प्रगति यात्रा कार्यक्रम के आलोक में रोहतास जिले में चल रही, प्रस्तावित एवं प्रक्रियाधीन विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा आज जिलाधिकारी, रोहतास उदिता सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक के दौरान डेहरी–तेतराढ़–राजपुर पथ के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य की प्रगति की समीक्षा में पाया गया कि कार्य निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप किया जा रहा है। इसी प्रकार आयरकोठा–अकोढ़ीगोला–अमरा तालाब पथ (भाग–A) एवं आयरकोठा–अमरातालाब टू-लेन पथ (भाग–B) का निर्माण कार्य संतोषजनक रूप से आगे बढ़ रहा है।अकोढ़ीगोला बाईपास पथ निर्माण योजना, जिसकी अनुमानित लागत ₹88.78 करोड़ है, वर्तमान में भूमि अधिग्रहण चरण में है। RFCTLARR Act, 2013 के तहत अधिसूचना जारी हो चुकी है। जिलाधिकारी ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को अधिग्रहण प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।नोखा–नासरीगंज पथ पर बक्सर मुख्य कैनाल के ऊपर उच्चस्तरीय आरसीसी पुल एवं पहुंच पथ का निर्माण बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा कराया जा रहा है, जो प्रगति पर है। वहीं कोचस में नागरिक सुविधाओं के विस्तार हेतु नए बस स्टैंड का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है।कुदरा–चेनारी–मल्हीपुर पथ के चौड़ीकरण कार्य में वन विभाग से NOC लंबित रहने के कारण विलंब की जानकारी दी गई, जिस पर जिलाधिकारी ने नगर निकाय क्षेत्र से कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने का निर्देश दिया।इसके अतिरिक्त पुरानी जीटी रोड के बेदा कैनाल से रेलवे लिंक पथ, बेदा–बभनपुरा कैनाल से एनएच–19 पथ, कोचस बाईपास (आरा–मोहनिया पथ), डेहरी–बिक्रमगंज–दिनारा पथ पर नाला निर्माण, करगहर–बड़हरी–धर्मपुरा पथ तथा बरांव–जहानाबाद पथ उन्नयन योजनाओं की समीक्षा की गई, जो सभी प्रगति पर पाई गईं।पर्यटन विकास के तहत इंद्रपुरी जलाशय के समीप पर्यटन हाट निर्माण एवं संझौली प्रखंड के वाजितपुर में कांव नदी पर पुल निर्माण कार्य जारी है। औद्योगिक विकास के अंतर्गत डेहरी औद्योगिक क्षेत्र विकास योजना में सामाजिक प्रभाव आकलन से संबंधित प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है तथा अंतिम स्वीकृति की दिशा में कार्य चल रहा है।जिले के विभिन्न प्रखंडों में प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन तथा काराकाट एवं तिलौथू सहित आवासीय परिसरों के निर्माण हेतु एजेंसी का चयन कर मोबिलाइजेशन का कार्य प्रगति पर है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए। रेहल से रोहतासगढ़ किला होते हुए चौरासन मंदिर तक पथ निर्माण योजना की भी समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने कहा कि प्रगति यात्रा राज्य सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है और रोहतास जिले में सभी विकास योजनाओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी क्रियान्वयन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।



