करगहर/रोहतास/Etv News 24/ब्यूरो रिपोर्ट
करगहर (रोहतास) जिलाधिकारी उदिता सिंह द्वारा करगहर प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की समीक्षा, जन सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार तथा आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना था। निरीक्षण के दौरान विभिन्न बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने कार्यालयों में उपलब्ध व्यवस्थाओं, अभिलेखों के संधारण, लंबित मामलों की स्थिति तथा जन सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्यालयीय कार्य समयबद्ध, पारदर्शी एवं जनहित में निष्पादित किए जाएं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय नागरिकों एवं आगंतुकों की समस्याओं को भी सुना। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करने एवं प्रकरणों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए।इसके उपरांत जिलाधिकारी द्वारा पदाधिकारियों के साथ बैठक की गई। बैठक में करगहर प्रखंड एवं अंचल से जुड़े कार्यों की अद्यतन स्थिति पर चर्चा की गई तथा यह सुनिश्चित करने पर बल दिया गया कि सभी योजनाएं जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू हों।समाहरणालय रोहतास में आयोजित जनता दरबार में करगहर प्रखंड के लोगों से प्राप्त समस्याओं / आवेदनों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान यह सामने आया कि जनता दरबार में करगहर प्रखंड से प्राप्त लगभग 80 प्रतिशत समस्याओं का निष्पादन किया गया है। जिलाधिकारी ने शत-प्रतिशत समस्याओं के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया।निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी द्वारा फार्मर रजिस्ट्री विशेष शिविर का भी निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने सभी किसान बंधुओं से अपील की कि वे निर्धारित तिथि 09 जनवरी 2026 तक अपनी फार्मर रजिस्ट्री आईडी अवश्य बनवा लें, ताकि सरकारी योजनाओं, सब्सिडी एवं डिजिटल सेवाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि डिजिटल व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ेगी और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।उन्होंने सभी पदाधिकारियों को जनहित सर्वोपरि रखते हुए संवेदनशीलता, तत्परता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि जिले में सुशासन और प्रभावी प्रशासन सुनिश्चित किया जा सके।



