सिलबट्टे से वार कर पति की हत्या का आरोप, पड़ोसी की मदद से शव संदूक में बंद कर हाईवे किनारे फेंका
शराब पीकर झगड़ा करने से परेशान होने की बात कह रही आरोपित पत्नी, पुलिस ने मामले में शुरू की आगे की जांच
उन्नाव उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
उन्नाव जिले में हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां लोहे के संदूक में बंद एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस की जांच में युवक की पत्नी नेहा रावत पर सिलबट्टे से वार कर पति सोनू की हत्या करने का आरोप सामने आया है। आरोप है कि वारदात के बाद पड़ोसी जितेंद्र सिंह और एक अन्य सहयोगी तौहीद की मदद से शव को लोहे के संदूक में बंद किया गया और हाईवे किनारे फेंक दिया गया। पुलिस ने मामले में पत्नी नेहा रावत, पड़ोसी जितेंद्र सिंह और तौहीद को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। नेहा रावत ने पूछताछ में कथित तौर पर बताया कि सोनू शराब पीकर आए दिन लड़ाई-झगड़ा करता था। इसी से परेशान होकर उसने हत्या की। हालांकि, हत्या के पीछे की परिस्थितियों और घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है।
पहली शादी से चार बेटियां, आठ साल पहले सोनू से किया था विवाह
जांच में नेहा रावत के वैवाहिक जीवन से जुड़ी जानकारी भी सामने आई है। बताया गया है कि करीब 23 साल पहले उसकी पहली शादी हुई थी, जिससे चार बेटियां हैं। इसके बाद करीब आठ साल पहले उसने सोनू से दूसरी शादी की थी। पुलिस अब दंपती के बीच विवाद की वजहों और वारदात से पहले की परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है।
संदूक में शव छिपाने की कोशिश से खुला हत्या का मामला
युवक का शव लोहे के संदूक में मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच में पत्नी समेत तीन लोगों की कथित भूमिका सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने और शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से उसे संदूक में बंद कर हाईवे किनारे फेंका गया।




