सासाराम रोहतास/Etv News 24
नगर पंचायत रोहतास की माननीय मुख्य पार्षद श्रीमती सुमबुल आरा जी ने आज शनिवार को जिला मुख्यालय सासाराम स्थित कार्यालय में जिलाधिकारी श्री दीपक कुमार मिश्रा जी से मुलाकात कर नगर पंचायत क्षेत्र में पिछले डेढ़ वर्ष से ठप पड़े विकास कार्यों को अविलंब शुरू कराने तथा कार्यपालक पदाधिकारी के उदासीन एवं लापरवाह रवैये के संबंध में एक अनुरोध पत्र सौंपा l ज्ञापन में मुख्य पार्षद ने बताया कि पिछले करीब डेढ़ वर्ष से नगर पंचायत में कोई नया विकास कार्य एवं मेंटेनेंस कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है। पेयजल, जलजमाव, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा जनप्रतिनिधियों के पत्रों का समय पर जवाब नहीं दिया जा रहा है तथा कार्यालयीन कार्यों में उदासीनता के कारण विकास योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। इस संबंध में पूर्व में भेजे गए पत्रों का भी अब तक कोई जवाब प्राप्त नहीं हुआ है। मुख्य पार्षद ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि नगर पंचायत रोहतास में लंबित विकास कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराया जाए तथा कार्यपालक पदाधिकारी की कार्यशैली की जांच कर आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।वहीं जिलाधिकारी ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले का नियमानुसार परीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।




