कैमूर /बिहार न्यूज डेस्क Etv News 24
शिक्षा विभाग के निर्देश के आलोक में बिहार विद्यालय विशिष्ट शिक्षक नियमावली 2023 के प्रावधानों के अंतर्गत बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित साक्षमता परीक्षा 2 में उत्तीर्ण एवं सफलतापूर्वक काउंसलिंग पूर्ण करने वाले स्थानीय निकाय के शिक्षकों को विशिष्ट शिक्षक के रूप में आज पूर्वाहन 11:00 बजे जिले के समाहरणालय स्थित मुंडेश्वरी सभागार में जिला पदाधिकारी श्री सावन कुमार तथा स्थानीय विधायक श्री भरत बिंद के हाथों औपबंधिक नियुक्ति पत्र वितरित किया गय।विदित है कि इस संबंध में राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम संवाद देशरत्न मार्ग पटना में आयोजित हुआ जिसमें बिहार के मुख्यमंत्री एवं अन्य मंत्रीगण की उपस्थिति में 100 शिक्षकों का नियुक्ति पत्र वितरण किया गया।प्रभारी जिला शिक्षा पदाधिकारी अक्षय रंजन पांडे ने बताया कि नियोजित शिक्षकों को राज्य कर्मी का दर्जा प्रदान करने हेतु राज्य सरकार द्वारा आयोजित सक्षमता परीक्षा-1 में उत्तीर्णता प्राप्त 2053 शिक्षक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया गया था जो अपने मूल विद्यालय में योगदान कर विशिष्ट शिक्षक के रूप में राज्य कर्मी का दर्जा प्राप्त कर पदस्थापित हो चुके हैं।उसी क्रम में द्वितीय साक्षमता परीक्षा अंतर्गत कैमूर जिले में कुल 2091 सफल शिक्षक अभ्यर्थियों को आज नियुक्ति पत्र वितरण किया गया।इसमें कक्षा 1 से 5 में 1449 कक्षा 6 से 8 में 276 कक्षा 9 से 10 में 276 तथा कक्षा 11 से 12 में 90 शिक्षक शामिल हैं।राज्य स्तरीय समारोह का लाइव टेलीकास्ट भी मुंडेश्वरी सभागार में किया गया।इस कार्यक्रम में प्रत्येक प्रखंड से 10-10 शिक्षकों कुल 120 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र जिला पदाधिकारी तथा स्थानीय विधायक के हाथों दिया गया। अन्य सभी शिक्षकों को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय से वितरण किया गया।विशिष्ट शिक्षक जिन्हें नियुक्ति पत्र वितरण किया गया है उन्हें दिनांक 1 मार्च से 7 मार्च के बीच अपने मूल विद्यालय में योगदान करने का निर्देश दिया गया है।इस मौके पर अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त,नगर पार्षद श्री बबलू तिवारी, डीपीओ कृष्ण मुरारी सहित शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी अन्य व्यक्ति मौजूद थे।विशिष्ट शिक्षक के रूप में राज्य कर्मी का दर्जा प्राप्त करने के नियोजित शिक्षकों में काफी खुशी देखी गई।एक शिक्षक ने बताया कि स्थानीय निकाय के शिक्षक के रूप में भी उन्होंने बेहतर काम किया है परंतु राज्य सरकार के कर्मी के रूप में अच्छी सेवा शर्त तथा उच्च वेतन स्तर के कारण वे इसमें योगदान कर रहे हैं।इससे जहां उनके व्यक्तिगत जीवन में गुणात्मक सुधार होगा वहीं छात्र छात्राओं तथा विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण में भी उत्तरोत्तर सुधार होने की संभावना है।जिला पदाधिकारी ने सभी विशिष्ट शिक्षक जिन्हें राज्य कर्मी का दर्जा दिया गया है उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर फोकस करने का निर्देश दिया है।



