नौ देवियों के स्वरूप में बच्चियों ने मोहा मन, डांडिया नृत्य ने बांधा समां
तिलौथू रोहतास/Etv News 24/संवाददाता हैदर अली
इंद्रपुरी जेडीएस पब्लिक स्कूल, में दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर भव्य एवं आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की बच्चियों ने नौ देवियों के स्वरूप को जीवंत रूप में प्रस्तुत कर भारतीय संस्कृति, आस्था एवं नारी शक्ति का सुंदर संदेश दिया।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन सीए संजय सिंह, निदेशक विजय सिंह एवं प्रधानाचार्य कुणाल केशव द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात मां दुर्गा की विधिवत आरती की गई। पूरा विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो उठा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चियों द्वारा नौ देवियों के विभिन्न स्वरूपों की मनमोहक प्रस्तुति रही। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने पारंपरिक डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। रंग-बिरंगे परिधानों, आकर्षक नृत्य एवं बच्चों के उत्साह ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में भारतीय परंपरा, संस्कृति और धार्मिक उत्सवों के प्रति उनकी रुचि स्पष्ट रूप से दिखाई दी। इस अवसर पर प्रधानाचार्य कुणाल केशव ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, अनुशासन एवं भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम में शिक्षिका माधुरी सिंह, सुमन सिंह, श्रुति तिवारी, स्निग्धा कुमारी तथा शिक्षक प्रभात कुमार, आनंद कुमार, अविनाश ओझा सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की प्रशंसा की।कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।




