सासाराम (रोहतास)Etv News 24
दुर्गापूजा, दीपावली एवं छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 29.09.2026 को जिला पदाधिकारी, रोहतास एवं पुलिस अधीक्षक, रोहतास की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में
विधायक सासाराम, माननीय विधायक नोखा, विधायक डेहरी, तीनों अनुमंडल के अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, शांति समिति के सदस्य, पूजा समिति के प्रतिनिधि, मुहर्रम समिति के प्रतिनिधि तथा संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने कहा कि रोहतास जिले में सभी पर्व-त्योहार आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की समृद्ध परंपरा रही है। आगामी पर्वों के दौरान भी विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पूजा समितियों एवं शांति समिति के सदस्यों से प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की अपील की।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं पूजा समितियों के प्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों की स्थानीय समस्याओं को जिला पदाधिकारी के समक्ष रखा गया। जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को पर्व से पूर्व सभी प्रमुख पूजा स्थलों, जुलूस मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जहां सड़कें क्षतिग्रस्त हैं, वहां आवश्यकतानुसार शीघ्र मरम्मत करने को कहा गया। पर्व के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, पर्याप्त पेयजल उपलब्धता एवं आवश्यकतानुसार टैंकर के माध्यम से जलापूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में ध्वनि विस्तारक यंत्र, लाउडस्पीकर एवं डीजे के उपयोग को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए गए। जिला पदाधिकारी ने कहा कि पर्व के दौरान निर्धारित नियमों एवं प्रशासनिक निर्देशों का पूर्णतः पालन करना अनिवार्य होगा। डीजे एवं अनधिकृत अथवा अत्यधिक ध्वनि वाले ध्वनि उपकरणों के उपयोग की अनुमति नहीं होगी। पूजा समितियों से अपील की गई कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा एवं अन्य नियमों का पालन करते हुए ही कार्यक्रम आयोजित करें।
सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रमुख पूजा स्थलों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं आवश्यकतानुसार महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की व्यवस्था पर भी चर्चा की गई। संबंधित पदाधिकारियों को सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने पूजा समितियों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे पूजा पंडालों एवं आयोजन स्थलों पर अग्नि सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा, प्रवेश एवं निकास की समुचित व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, महिला एवं बच्चों की सुरक्षा तथा आपात स्थिति में त्वरित सहायता के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करें। पूजा समितियों को आयोजन से संबंधित निर्धारित अनुमति एवं प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया।
बैठक में जुलूस एवं विसर्जन मार्गों की स्थिति, यातायात व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा एवं आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। प्रशासन एवं पुलिस पदाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि शांति एवं सौहार्द बनाए रखना प्रशासन के साथ-साथ समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने शांति समिति, पूजा समिति, मुहर्रम समिति, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से आपसी समन्वय एवं सहयोग के साथ पर्व मनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा विवाद की स्थिति में लोग स्वयं कानून हाथ में न लें तथा तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को इसकी सूचना दें। सोशल मीडिया पर भी भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने से बचने की अपील की गई।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं शांति समिति के सदस्यों द्वारा प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया गया।




