सासाराम रोहतास/ Etv News 24
जिलाधिकारी, रोहतास दीपक कुमार मिश्रा द्वारा आज सासाराम नगर निगम क्षेत्र का भ्रमण कर शहर में स्वच्छता व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, अतिक्रमण नियंत्रण सहित नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं का स्थल निरीक्षण किया गया। इस दौरान उप विकास आयुक्त एवं नगर आयुक्त, सासाराम नगर निगम सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।जिलाधिकारी ने नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख स्थलों, मुख्य मार्गों एवं सार्वजनिक क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने नियमित साफ-सफाई, कचरा उठाव, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता तथा सौंदर्यीकरण कार्यों को बेहतर तरीके से संचालित करने का निर्देश दिया।भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने, प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर यातायात के सुचारू संचालन तथा अनावश्यक जाम की स्थिति को दूर करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया।उन्होंने नगर क्षेत्र में अतिक्रमण की स्थिति की समीक्षा करते हुए चिन्हित स्थानों पर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा अतिक्रमण हटाने के पश्चात पुनः अतिक्रमण न हो, इसके लिए प्रभावी निगरानी एवं सतत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।जिलाधिकारी ने कहा कि सासाराम शहर ऐतिहासिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। अतः नगर क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने शहर के प्रमुख स्थलों, सड़कों, सार्वजनिक स्थानों एवं प्रवेश मार्गों के सौंदर्यीकरण तथा नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में ठोस कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को अल्पकालिक एवं दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर कार्य करने, कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर योजनाओं को धरातल पर उतारने का निर्देश दिया।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सासाराम नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता, यातायात प्रबंधन, अतिक्रमण नियंत्रण एवं सौंदर्यीकरण से संबंधित सभी कार्यों का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर, स्वच्छ एवं सुगम शहरी वातावरण उपलब्ध कराना है। इस दिशा में सभी संबंधित पदाधिकारी पूरी प्रतिबद्धता एवं समन्वय के साथ कार्य करें।उन्होंने आम नागरिकों से भी शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण एवं गंदगी न करने की अपील की।




