करगहर रोहतास/Etv News 24
खुड़हुरिया गांव के समीप सड़क निर्माण कंपनी द्वारा नया पुल बनाने की जगह वर्षों पूर्व निर्मित सिंचाई फाल पर यातायात प्रारंभ कर दिया। जो वाहनों के परिचालन से क्षतिग्रस्त हो गया है । फल स्वरुप एक दर्जन गांवों का संपर्क सासाराम चौसा पथ से कट गया है ।ग्रामीणों ने बताया कि खुड़हुरियां गांव के समीप चेत पांडेय नाला में किसानों ने चंदा इकट्ठा कर सिंचाई फाल का निर्माण किया था । जिससे सैकड़ो एकड़ भूमि में सिंचाई का कार्य किया जाता था । वर्ष 2018 में ग्रामीण सड़क निर्माण विभाग द्वारा कच्ची सड़क को डिभियां स्थित सासाराम चौसा पथ से बडहरी पथ में स्थित रतिचक गांव तक पक्की सड़क निर्माण कार्य शुरू किया । लेकिन निर्माण कंपनी द्वारा सड़क के विपरीत दिशा में पानी निकासी के लिए पुल- पुलिया का निर्माण कार्य नहीं किया । पानी निकासी नहीं होने के कारण सड़क के पूर्वी भाग में जल जमाव की स्थिति बनी रहती है। जिससे सैकड़ो एकड़ भूमि में लगी धान की फसलें सड़ कर बर्बाद हो जाती हैं । उक्त पथ में जल जमाव की समस्या को दूर करने के लिए भूल पुलिया निर्माण को लेकर किसानों ने ग्रामीण सड़क निर्माण विभाग से कई बार शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई ।किसानों ने बताया कि सड़क निर्माण विभाग की लापरवाही से डिभियां गांव में 200 एकड़ , खुड़हुरिया, सोन वर्षा ,नारायणपुर , गोपालपुर और कपटियां गांवों में 500 एकड़ भूमि जल जमाव से प्रभावित है । उन्होंने बताया कि निर्माण कंपनी द्वारा पुल निर्माण की जगह कपटियां गांव के समीप स्थित रसूलपुर राजवाहा पर निर्मित नहर पुल तथा खुड़हुरिया गांव के समीप सिंचाई फाल को सड़क पुल के रूप में शामिल कर लिया । सड़क मार्ग में वाहनों के परिचालन से वर्षों पूर्व निर्मित नहर पुल व सिंचाई फाल क्षतिग्रस्त हो गया। जिससे आधा दर्जन से अधिक गांवों का संपर्क मुख्य पथ से कट गया है ।कई किसानों ने आरोप लगाया कि ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारियों द्वारा सड़क निर्माण के दौरान जल निकासी के लिए पुल पुलिया निर्माण का प्राक्कलन तैयार किया था या नहीं इसकी जानकारी नहीं है लेकिन सड़क निर्माण कंपनी द्वारा वर्षों पुराना नहर पुल और सिंचाई फाल को सड़क पुल में शामिल कर लिया गया । उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कंपनी द्वारा पुराना पुल को ही नवनिर्मित पुल दिखाकर राशि का गबन किया हो। जो जांच का विषय है । उन्होंने बताया कि इसके अलावे डिभियां से गोपालपुर गांव तक जल निकासी के लिए सड़क मार्ग में एक भी नाला नहीं डाला गया है । जिससे जल जमाव की समस्या उत्पन्न हुई है । उन्होंने जिलाधिकारी से मांग किया है कि उक्त पथ में जल निकासी के लिए पुल पुलिया का निर्माण कराया जाए ताकि जल जमाव की समस्या से निजात मिल सके ।इस संबंध में ग्रामीण कार्य विभाग के चीफ इंजीनियर रामचंद्र प्रसाद ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है । उक्त पथ में पुल पुलिया निर्माण का प्राक्कलन तैयार किया गया था या नहीं जांच कर कार्रवाई की जाएगी ।



