प्रियांशु के साथ अशोक कुमार की रिपोर्ट
समस्तीपुर जिला के विभूतिपुर में बीते रात हथियारबंद बदमाशों ने अंधाधुन गोली फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया है। मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात्रि अज्ञात अपराधियों द्वारा गिट्टी-बालू व्यवसायी बोरिया वार्ड संख्या-2 निवासी अर्जुन राय के घर पर अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की घटना को अंजाम दिया है। घटना के बाद पहुंची पुलिस घटनास्थल से लगभग एक दर्जन से अधिक खोखा बरामद किया है।
फायरिंग की घटना के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है, वहीं लोगों में दहशत व्याप्त है। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। बता दें कि विभूतिपुर थाना क्षेत्र में इन दिनों अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि आम लोगों का जीना मुश्किल सा लग रहा है। आम लोग पुलिस के कार्यशैली पर सवाल खड़ा कर रहे हैं।
घटना का कारण भूमि विवाद बताया जा रहा है। घटना के संबंध में थाना अध्यक्ष संदीप पाल ने बताया कि घटनास्थल से एक दर्जन से ऊपर खोखा बरामद किया गया है। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।