यात्रियों की संभावित अतिरिक्त संख्या को देखते हुए होल्डिंग एरिया, यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
वाराणसी उत्तर प्रदेश/Etv News 24/ब्यूरो रिपोर्ट
वाराणसी में 22 अक्टूबर 2026 से आयोजित होने वाले एयर शो के मद्देनजर यात्रियों की संभावित अतिरिक्त संख्या को देखते हुए मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री उदय सिंह मीना ने बुधवार शाम को पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन के मुख्य सर्कुलेटिंग एरिया, वहां सभी प्रवेश द्वारों, यातायात के प्रवाह तथा यात्रियों के लिए बनाए गए होल्डिंग एरिया का जायजा लिया और उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान होल्डिंग एरिया में यात्रियों की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। यात्रियों की संभावित अतिरिक्त संख्या को ध्यान में रखते हुए आवश्यकता पड़ने पर परिचालित करने के लिए एक अतिरिक्त रेक भी उपलब्ध रखा गया है, ताकि जरूरत के अनुसार यात्री परिवहन की व्यवस्था की जा सके। यात्रियों की सुविधा के लिए मोबाइल यूटीएस के माध्यम से अनारक्षित टिकट उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी मौजूद है। स्टेशन पर खानपान और टिकट की पर्याप्त व्यवस्था है।
स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुरक्षा एवं सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) के पर्याप्त बल की तैनाती की गई है। स्टेशन परिसर में सुरक्षा एवं यातायात के सुचारु संचालन के लिए जिला प्रशासन भी लगातार निगरानी एवं सहयोग कर रहा है। पूरे स्टेशन की सीसीटीवी से लगातार निगरानी की जा रही है।
रेल प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि स्टेशन परिसर में उपलब्ध शौचालयों एवं मूत्रालयों का ही उपयोग करें। स्टेशन पर प्लेटफॉर्म और सर्कुलेटिंग एरिया में पर्याप्त संख्या में शौचालय एवं मूत्रालय उपलब्ध हैं। स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुविधा के लिए वर्तमान में लगभग 24 मूत्रालय, 70 शौचालय तथा दिव्यांगजन के अनुकूल 7 शौचालय कार्यरत हैं। यात्रियों से अपील है कि खुले में पेशाब न करें, उपलब्ध सुविधाओं का उपयोग करें और स्टेशन परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें।
निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री कुलदीप सहित संबंधित सभी शाखा अधिकारी मौजूद रहे।




