नगर पंचायत कोचस में राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 319 व स्टेट हाईवे 17 का मामला
पटना/बिहार/न्यूज डेस्क/Etv News 24
नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए नगर पंचायत कोचस में राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 319 व स्टेट हाईवे 17 के रास्ते गुजरने वाले दूसरे प्रदेशों के वाहनों से टैक्स के नाम पर जबरन रंगदारी टैक्स की वसूली की जा रही है । विरोध करने पर चालकों के साथ मारपीट व अभद्र व्यवहार किया जाता है । महात्मा गांधी चौक के समीप गश्ती में मौजूद पुलिस अधिकारी व सशस्त्र बल मूकदर्शक बने रहते हैं । शीशा तोड़ने व मारपीट की घटनाओं को देखते हुए पुलिस अनजान बनी रहती है ।
अन्य प्रदेशों के कई ट्रक चालकों ने जबरन टैक्स वसूली व मारपीट की शिकायत थाना में की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई । जबकि इस तरह की वसूली शहरी विकास मंत्रालय के नियमों के विरुद्ध है । स्थानीय नागरिकों ने बताया कि नगर पंचायत द्वारा हाटों और सैरातों की बंदोबस्ती 67 लाख रुपए में की गई है । निविदा लेने वाले संवेदक को नगर पंचायत द्वारा यह निर्देश जारी किया गया है कि वे नपं क्षेत्र में माल ढुलाई करने वाले वाहनों , बाजारों की मंडियों , खुदरा विक्रेताओं से टैक्स वसूली करें । लेकिन संवेदक के कर्मी बाहर के ट्रक चालकों से जबरन रंगदारी टैक्स वसूल कर रहे हैं । उन्होंने बताया कि संवेदक द्वारा 50 से अधिक कर्मियों को प्रतिनियुक्ति किया गया है जो सड़क किनारे ठेला पर सब्जी, फल , मिठाई , समोसा , चाट और गोलगप्पा बेचने वाले , अतिक्रमण कर गुमटी में नाई ,पान , खैनी बेंचने वाले ठेला से माल ढुलाई करने वाले , टेंपो स्टैंड बस स्टैंड , सहित दर्जनों तरह व्यवसाय करने वाले दुकानदारों से टैक्स वसूलने का कार्य करते हैं।
बताया कि टैक्स वसूली के लिए इन्हीं लोगों द्वारा राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 319 के दोनों तरफ एक- एक लेन को अतिक्रमण कराया है । जहां खुले रूप से एन एच मुख्य सड़क पर सब्जी और फलों की दुकानें सजती है । ताकि उन्हें अधिक से अधिक टैक्स मिल सके । सड़क जाम की शिकायत पर कभी कभार दिखावे के लिए नगर पंचायत के ईओ द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर कोरम पूरा कर लिया जाता है । 2 घंटे बाद दुकानदार अपने स्थल पर काबिज हो जाते हैं ।
टैक्स वसूली करने वाले एक कर्मी ने नाम न छापने बताया पर बताया कि टैक्स वसूली के लिए नपं द्वारा एक साल के लिए 67 लाख रुपए की राशि निविदा के माध्यम से जमा की गई है । इस एवज में संवेदक द्वारा विभिन्न श्रोतों से प्रति माह पन्द्रह लाख रुपए की वसूली की जाती है। जिसमें प्रति माह 25 हजार पुलिस व 25 हजार नपं ईओ को देना पड़ता है । इसके अलावा टैक्स वसूली करने वाले कर्मियों को वसूली के आधार पर वेतन दिया जाता है ।
कोचस नगर पंचायत के ईओ ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि अन्य प्रदेशों के वाहन चालकों से जबरन टैक्स वसूली की शिकायत उन्हें प्राप्त हुई है । जिसके आलोक में संवेदक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी ।



