मानदेय बढ़ाने और ग्राम पंचायत सचिवालय में बैठने के लिए स्थान उपलब्ध कराने की उठाई मांग
बैंकिंग सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने वाली बीसी सखियों ने समस्याओं के समाधान की उठाई आवाज
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
विभिन्न मांगों और समस्याओं के समाधान को लेकर गुरुवार को बीसी सखियों ने विकास भवन का घेराव किया। बीसी सखी संगठन की जिला अध्यक्ष रेनू तिवारी के संयोजन में प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) को मांगपत्र सौंपकर अपनी समस्याओं के निराकरण की मांग की।
बीसी सखियों ने ग्राम पंचायत सचिवालय में बैठने के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराने और मानदेय में वृद्धि सहित कई मांगें उठाईं। उनका कहना था कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा लोगों को वित्तीय सेवाओं का लाभ दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इसके बावजूद उन्हें कार्य के दौरान कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
संगठन की जिला अध्यक्ष रेनू तिवारी के नेतृत्व में बीसी सखियों ने प्रशासन से उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर मांगों को पूरा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल की उचित व्यवस्था और मानदेय में बढ़ोतरी से उन्हें अपने दायित्वों का निर्वहन करने में सहूलियत मिलेगी। बीसी सखियों ने संबंधित अधिकारियों से समस्याओं के शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई।




