चेनारी/रोहतास
रोहतास जिला के चेनारी प्रखंड के अंतर्गत गुप्ता धाम में पूजा-अर्चना करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरा एक ट्रैक्टर देर शाम में कदर घाटी के पास पलट गया।इससे ट्रैक्टर पर सवार एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में पांच लोगों की हालत नाजुक बतायी जाती है। अन्य श्रद्धालुओं ने सभी घायलों को अपने वाहन से चेनारी के पीएससी में पहुंचाया। जहां प्राथमिकी उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सभी घायलों को रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक घायलों में गढ़वा जिला का 28 वर्षीय अक्षय पासवान, 17 वर्षीय ललन पासवान, कैमूर जिला के चैनपुर थाना क्षेत्र के अमांव गांव की कौशल्या देवी 55 वर्ष, रीना देवी 28 वर्ष, अखलासपुर भभुआ के निवासी बृजराज, मुराही चैनपुर का नैतिक पटेल डेढ़ वर्ष, भदौरा गांव की रेणू देवी 32 वर्ष, भगवानपुर की किरण सिंह 50 वर्ष आदि घायल हैं। चैनपुर की रेणू देवी, वैजयंती कुमारी 2 वर्ष, गढ़वा के अक्षय पासवान व ललन पासवान की हालत नाजुक बतायी जाती है।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर पर कुल 28 लोग सवार थे। सभी घायलों को पुलिस वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया गया। जहां इलाज के बाद सबको सदर अस्पताल सासाराम रेफर कर दिया गया है।